Fastblitz 24

क्राइम कैपिटल बना जौनपुर, लाशें गिरने का सिलसिला रविवार को भी रहा जारी

सेवानिवृत युवा कल्याण अधिकारी का संदिग्ध परिस्थितियों में शव बरामद, हत्या की आशंका से सनसनी

जौनपुर: क्राइम कैपिटल बने जनपद में रविवार को भी सड़क के किनारे देखी फेंकी एक लाश मिली। पुलिस द्वारा मिली प्रारंभिक जानकारी में इसकी हत्या कर फेक जाने की संभावना जताई गई है। लाश की पहचान रिटायर्ड जिला युवा कल्याण अधिकारी राम कृपाल यादव के रूप में हुई। शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से पूरे शहर में हड़कंप मच गया है। यह घटना लाइनबाजार थाना क्षेत्र की है, जहाँ रेड चिल्ली रेस्टोरेंट के सामने एक गड्ढे में शव बरामद किया गया है। प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है, जिससे क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है।

यह सनसनीखेज घटना लाइनबाजार थाना क्षेत्र के वाजिदपुर तिहारे के पास आदर्श टावर के बगल में स्थित एक कचरे के ढेर के पास हुई। राहगीरों द्वारा सूचना मिलने पर लाइनबाजार पुलिस और अन्य पुलिस अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर गहन जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। मृतक की पहचान राम कृपाल यादव के रूप में हुई है, जो जिले के पूर्व युवा कल्याण अधिकारी थे और सेवा निवृत्त हो चुके थे। उनके परिवार में इस घटना के बाद कोहराम मचा हुआ है, और परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।इस मामले में सबसे महत्वपूर्ण सुराग घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी फुटेज से मिला है। फुटेज में कुछ संदिग्ध युवक देर रात एक स्कूटी पर राम कृपाल यादव के शव को ले जाते हुए स्पष्ट रूप से कैद हुए हैं। पुलिस अब इसी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए सक्रिय रूप से प्रयास कर रही है।

           

                                                                         पूरा पढ़िए… 👇      

मृतक राम कृपाल यादव मूल रूप से खुटहन थाना क्षेत्र के मैरवां गांव के रहने वाले थे, और वर्तमान में शहर के पॉलिटेक्निक चौराहा के पास स्थित सुंदर नगर कॉलोनी में निवास कर रहे थे। उनके परिजनों ने बताया कि राम कृपाल यादव 31 मई को दोपहर 2:00 बजे अपने पोते के साथ एक निमंत्रण में जाने के लिए घर से निकले थे। वे बाटी चोखा के सामने अपनी गाड़ी रुकवाकर उतर गए और पोते से कहा कि वे अभी आ रहे हैं। उन्होंने पोते से यह भी कहा था कि जब वे फोन करें तो कार लेकर आना, तभी निमंत्रण करने चलेंगे।
लेकिन शाम तक उनका कोई फोन नहीं आया, जिससे परिवार चिंतित हो गया। पोते ने अपने मामा को फोन करके बताया कि बाबा का फोन बंद आ रहा है। इसके बाद परिवार ने बाटी चोखा और अन्य जगहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जहाँ राम कृपाल यादव आते हुए तो दिखाई दिए, लेकिन जाते हुए नहीं। रात करीब डेढ़ बजे के बाद, एक लड़का और एक लड़की उन्हें स्कूटी पर बैठाकर जाते हुए दिखाई दिए। इसके बाद आज सुबह होटल रेड चिल्ली के पास उनके शव मिलने की सूचना मिली।

स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने इस घटना पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने जिला प्रशासन और पुलिस से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। गौरतलब है कि जौनपुर में पिछले कुछ दिनों में आपराधिक घटनाओं में तेजी से इजाफा हुआ है, जिससे आम जनता में असुरक्षा का माहौल बनता जा रहा है। प्रशासन की निष्क्रियता पर भी सवाल उठने लगे हैं।

लाइनबाजार थाना प्रभारी सतीश सिंह का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। उन्होंने आश्वस्त किया है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी, और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द ही आरोपी गिरफ्त में होंगे। पुलिस मामले की गहन जांच-पड़ताल में जुटी हुई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

fastblitz24
Author: fastblitz24

Spread the love

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज