जौनपुर: लखनऊ के केडी सिंह बाबू स्टेडियम में आयोजित पांचवी भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी राज्यस्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में एएस क्लब के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया।

एएस क्लब महाराणा प्रताप इंडोर हॉल के मुख्य कोच आशुतोष सिंह एडवोकेट के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण ले रहे जिले के पांच खिलाड़ियों ने इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भाग लिया। कोच आशुतोष सिंह ने बताया कि 15 से 18 मई तक चली इस प्रतियोगिता में प्रदेश भर से लगभग तीन हजार खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जिसमें स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (साई) के खिलाड़ी भी शामिल थे।


प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। वहीं, समापन समारोह में परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने खिलाड़ियों को आशीर्वाद दिया और उनकी हौसला अफजाई की।
आशुतोष सिंह ने बताया कि जूनियर वर्ग के अंडर 49 किलोग्राम भार वर्ग में रिया यादव ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इसके अलावा, जूनियर वर्ग बालक वर्ग के अंडर 59 किलोग्राम वर्ग में राजवीर सिंह ने रजत पदक और सीनियर वर्ग बालिका के अंडर 62 किलोग्राम वर्ग में सरोजनी सिंह ने भी रजत पदक हासिल किया। जूनियर वर्ग के ही अंश मौर्या और किशन यादव क्रमशः अंडर 48 किलोग्राम और अंडर 51 किलोग्राम भार वर्ग में क्वार्टर फाइनल तक पहुंचे, लेकिन पदक जीतने से चूक गए।
स्वर्ण और रजत पदक जीतने वाले इन सभी खिलाड़ियों का चयन फेडरेशन की आधिकारिक प्रतियोगिता के सेमीफाइनल के लिए हो गया है, जो अगस्त में आयोजित की जाएगी।
इस उपलब्धि पर जिला सचिव अरविंद सिंह, शिवाली सिंह और सीनियर खिलाड़ी अनीष प्रसाद ने खिलाड़ियों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें बधाई दी और अपना आशीर्वाद दिया।

Author: fastblitz24



