Fastblitz 24

सिंचाई विभाग के कर्मचारियों ने काला फीता बांधकर जताया विरोध

वाराणसी: सिंचाई विभाग में विभिन्न संवर्गों के पदों को समाप्त करने या कम करने के विरोध में आज वाराणसी के सिगरा स्थित सिंचाई कॉलोनी में विभाग के कर्मचारियों ने काला फीता बांधकर विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने काला फीता बांधकर ही अपना राजकीय कार्य किया, जो उनके सांकेतिक विरोध का हिस्सा था।

कर्मचारियों का यह विरोध सिंचाई विभाग में चल रही पुनर्गठन की प्रक्रिया को लेकर है, जिसके तहत कई पदों को खत्म करने या उनकी संख्या कम करने की खबरें हैं। कर्मचारियों का मानना है कि इससे उनके रोजगार और विभाग की कार्यप्रणाली पर नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।

यह दो दिवसीय विरोध प्रदर्शन 20 और 21 मई को होना है, जिसका आज पहला दिन था। इस प्रदर्शन में लिफ्ट सिंचाई मंडल वाराणसी के विनोद कुमार श्रीवास्तव और कनीज फातिमा (प्रशासनिक अधिकारी), रत्नेश प्रसाद (संगणक), साधना श्रीवास्तव (प्रधान सहायक), मो. आरिफ अंसारी और दीनानाथ (वरिष्ठ सहायक), सुनील कुमार भारती सहित कई अन्य कर्मचारी शामिल हुए।

कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर एकजुटता दिखाते हुए सरकार से इस निर्णय पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया है।

fastblitz24
Author: fastblitz24

Spread the love

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज