जौनपुर: जौनपुर उद्योग व्यापार मंडल ने गल्ला मंडी स्थित जिला कैंप कार्यालय पर ‘शहीद दिवस’ मनाते हुए व्यापारिक आंदोलनों में शहीद हुए व्यापारियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। यह कार्यक्रम उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष मुकुंद मिश्रा के आह्वान पर आयोजित किया गया था।

जिलाध्यक्ष दिनेश टंडन ने बताया कि उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल अपनी स्थापना से लेकर अब तक विभिन्न व्यापारिक आंदोलनों में गोली और लाठी खाने के दौरान शहीद हुए व्यापारियों की स्मृति में हर साल 26 मई को ‘शहीद दिवस’ के रूप में मनाता है। इस अवसर पर वरिष्ठ व्यापारियों का सम्मान भी किया जाता है।


प्रदेश उपाध्यक्ष सोमेश्वर केसरवानी ने शहीद हुए व्यापारियों के बलिदान को व्यापार जगत का ‘सर्वोच्च बलिदान’ बताया और उनके चित्र पर पुष्प अर्पित किए। प्रदेश मंत्री महेंद्र सोनकर और नगर अध्यक्ष राधेरमण जायसवाल ने संयुक्त रूप से जानकारी दी कि व्यापारियों के अधिकारों की लड़ाई लड़ते हुए अब तक कुल 14 व्यापारी शहीद हुए हैं, जिन्हें 26 मई को प्रदेश के हर जिले में याद किया जाता है।
उन्होंने विशेष रूप से 26 मई, 1979 को शहीद हुए स्वर्गीय श्री हरिश्चंद्र अग्रवाल और जौनपुर जनपद के मुक्तिगंज निवासी स्वर्गीय अशोक राय को याद किया, जो 14 सितंबर, 1993 को व्यापारियों की लड़ाई लड़ते हुए शहीद हुए थे।
जिला संरक्षक राजदेव यादव और प्रदेश युवा कोषाध्यक्ष संतोष अग्रहरि ने संयुक्त रूप से कहा कि व्यापार मंडल उन सभी वीर सपूतों को याद करता है जिन्होंने व्यापारी हितों की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। इस श्रद्धांजलि सभा का मुख्य उद्देश्य उन साथियों को याद करना है जिन्होंने व्यापारियों की लड़ाई लड़ते-लड़ते अपने प्राण दे दिए।
कार्यक्रम में जगदीश चंद्र गाढ़ा, लालमनी यादव, हीरालाल साहू, रामशरण मौर्य और अशोक भाटिया सहित कई वरिष्ठ व्यापारियों को माल्यार्पण कर, अंग वस्त्र पहनाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मानित हुए सभी वरिष्ठ व्यापारियों ने व्यापार मंडल के इस प्रयास की सराहना की।
कार्यक्रम में जिला महामंत्री रामकुमार साहू, नगर महामंत्री मुन्नालाल अग्रहरि, मनोज कुमार साहू, अमर जौहरी, अशोक साहू, विजय गुप्ता, शाहिद मंसूरी, संतोष साहू, गुलजारीलाल गुप्ता, अभिषेक सेठ, ज्ञानेंद्र साहू, अजय देवा, योगेश भाटिया, राकेश जायसवाल, चंदन सेठ, सोमेंद्र अग्रहरि सहित कई पदाधिकारी और व्यापारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन नगर अध्यक्ष राधेरमण जायसवाल ने किया, और उपस्थित व्यापारियों का आभार जिला महामंत्री रामकुमार साहू ने व्यक्त किया।

Author: fastblitz24



