जौनपुर: जौनपुर पुलिस ने गोकशी के खिलाफ चलाए गए एक बड़े अभियान में सफलता हासिल की है। सरपतहां थाना पुलिस ने ग्राम भटौली में एक घर से भारी मात्रा में गोमांस और गोकशी में प्रयुक्त औजारों के साथ पांच लोगों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। इस दौरान दो आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहे, जिन्हें बाद में पुलिस ने एक अलग कार्रवाई में गिरफ्तार कर लिया।

आज शुक्रवार को, प्रभारी निरीक्षक उदय प्रताप सिंह के नेतृत्व में सरपतहां पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम भटौली में सुरेश उर्फ नाटे नोना अपने साथियों के साथ मिलकर अपने घर में एक गोवंश की गोकशी कर रहा है और मांस की बोटियां बेच रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने सुरेश उर्फ नाटे नोना के घर की घेराबंदी की।


पुलिस को देखते ही कुछ महिला और पुरुष अपने हाथों में लिए चापड़ आदि फेंककर भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से कुल पांच आरोपियों को पकड़ लिया, जबकि दो व्यक्ति गेहूं की फसल का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे। मौके से गोकशी किए गए गोवंश प्रजाति का कटा मांस, पूंछ, कान, चमड़ा और गोमुंड बरामद हुआ। गोमांस का वजन लगभग 42 किलोग्राम पाया गया। इसके अतिरिक्त, तीन बड़े चापड़ और छह छोटे चापड़ भी बरामद किए गए, जिनका उपयोग गोकशी में किया गया था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजेश नोना (19 वर्ष), बबलू नोना (25 वर्ष), प्यारे नोना (21 वर्ष), उषा देवी (40 वर्ष) और अनीता नोना (25 वर्ष) के रूप में हुई है। सभी आरोपी भटौली, थाना सरपतहां, जौनपुर के निवासी हैं। पूछताछ में सभी ने मिलकर गोवंश को काटकर बेचने की बात कबूल की। उन्होंने बताया कि मौके से भागे हुए दो व्यक्ति सुरेश उर्फ नाटे (22 वर्ष) और राहुल नोना (28 वर्ष) थे। पशु चिकित्सा अधिकारी श्री सूरज सिंह द्वारा बरामद मांस का नमूना लिया गया, जिसे आगे की जांच के लिए भेजा जाएगा।
इसी मामले में शुक्रवार को सरपतहां पुलिस टीम ने फरार चल रहे दो वांछित आरोपियों सुरेश नोना उर्फ नाटे पुत्र नवरंग नोना और राहुल नोना पुत्र मुन्ना नोना को भी गिरफ्तार कर लिया। इन दोनों को अरसिया मोड़ रामनगर से दोपहर करीब 02:10 बजे पकड़ा गया। दोनों आरोपी भटौली, थाना सरपतहां, जौनपुर के निवासी हैं।

Author: fastblitz24



