जौनपुर: जिले में बेलगाम रफ्तार और यातायात नियमों की घोर अनदेखी लोगों की जान पर भारी पड़ रही है। पिछले 24 घंटों के भीतर बक्शा थाना क्षेत्र में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक ऑटो चालक, एक महिला यात्री और एक बाइक सवार युवक सहित कुल तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इन घटनाओं ने सड़कों पर बढ़ती लापरवाही और उसके गंभीर परिणामों को एक बार फिर उजागर कर दिया है।

पहला दर्दनाक हादसा शनिवार सुबह करीब 9 बजे बक्शा थाना क्षेत्र के कुल्हनामऊ गांव के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, सवारी से भरे एक ऑटो को पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने भीषण टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो पलट गया और उसमें सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में देवचंदपुर निवासी 60 वर्षीय सोमारी देवी और ऑटो चालक सुभाषचंद्र उपाध्याय (58) शामिल थे।
पूरा पढ़िए… 👇


दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए लखनऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। दुखद यह रहा कि इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। इस घटना ने एक बार फिर हिट एंड रन के मामलों और सड़क पर अज्ञात वाहनों की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
दूसरे हादसे………………👇
वहीं, रविवार दोपहर को बक्शा थाना क्षेत्र में ही एक और भीषण सड़क हादसा हुआ। उटरुकला गांव स्थित राजा ढाबा के पास जौनपुर की ओर जा रहे एक बाइक पर सवार विपिन यादव (35) और महेंद्र कुमार यादव (34) को पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। यह टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार विपिन यादव की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
जबकि, महेंद्र कुमार यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। दोनों ही घटनाओं में अज्ञात वाहन चालकों की लापरवाही साफ झलकती है, जो बिना परवाह किए लोगों की जान ले रहे हैं।

Author: fastblitz24



