Fastblitz 24

महिला अस्पताल की बदहाली देख बिफरीं राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारु चौधरी, दिए सख्त निर्देश

जौनपुर: उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारु चौधरी ने शनिवार को जनपद दौरे के दौरान जिला महिला चिकित्सालय की बदहाली पर गहरी नाराजगी व्यक्त की। औचक निरीक्षण के दौरान उन्होंने न केवल अस्पताल की अव्यवस्थाएं देखीं, बल्कि डॉक्टरों के मरीजों के प्रति रवैये और साफ-सफाई की कमी पर भी सख्त नाराजगी जताई। इसके अलावा, उन्होंने महिला थाना दिवस और जिला कारागार में बंद महिला कैदियों से भी मुलाकात कर उनकी समस्याओं को जाना।

चारु चौधरी जब जिला महिला चिकित्सालय पहुंचीं, तो उन्होंने सीधे मरीजों से बात कर हकीकत जानने की कोशिश की। इस दौरान उन्हें जो सच्चाई पता चली, उसने उन्हें काफी निराश किया। खासकर, एक गर्भवती महिला को अल्ट्रासाउंड के लिए अगले दिन बुलाए जाने का कारण पूछने पर संबंधित चिकित्सक बगलें झांकने लगे। इस पर उपाध्यक्ष ने सख्त नाराजगी जाहिर करते हुए चिकित्सक को हिदायत दी कि वे मरीजों के प्रति सहानुभूतिपूर्ण व्यवहार करें।

पूरा पढ़िए… 👇

                                   मरीजों से संवाद के दौरान यह बात सामने आई कि अधिकांश दवाएं अस्पताल में ही मिल रही थीं और बाहर से दवाएं नहीं लिखी जा रही थीं, जो एक सकारात्मक बिंदु रहा। हालांकि, जब उन्होंने वार्ड का निरीक्षण किया, तो शौचालय में साफ-सफाई का अभाव और मरीजों के लिए इस्तेमाल की जा रही बेडशीट का गंदा होना देखकर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। चारु चौधरी ने सीएमएस, प्रबंधक और सफाई सुपरवाइजर को स्पष्ट चेतावनी दी कि एक महीने के भीतर सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली जाएं, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

                    महिला अस्पताल के निरीक्षण के बाद, उपाध्यक्ष ने जिला कारागार का भी निरीक्षण किया। महिला सेल के निरीक्षण के दौरान, जेल में कुल 47 महिलाएं निरुद्ध पाई गईं, जिनमें से 10 सिद्ध दोष बंदी थीं और शेष विचाराधीन थीं। उन्होंने इन महिला बंदियों से उनके मुकदमों की सुनवाई की प्रगति, दिए जाने वाले भोजन और नाश्ते की गुणवत्ता के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

                         पाकशाला में जाकर भोजन की गुणवत्ता का जायजा लेने के बाद, उन्होंने निर्देश दिया कि महिला बंदियों के लिए सिलाई, योगा और ब्यूटीशियन का प्रशिक्षण दिलाया जाए, ताकि वे रिहा होने के बाद आत्मनिर्भर बन सकें।

                           इसके उपरांत, उपाध्यक्ष द्वारा लोक निर्माण विभाग (लो0नि0वि0) के निरीक्षण भवन जौनपुर में महिला जन सुनवाई भी की गई, जहां उन्होंने महिला थानाध्यक्ष को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य गीता बिन्द, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला बाल संरक्षण अधिकारी सहित तमाम संबंधित अधिकारी और लोग उपस्थित रहे।

fastblitz24
Author: fastblitz24

Spread the love

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज