तेजीबाजार: स्थानीय थाना क्षेत्र के पिपरी गाँव में बीती रात एक शादी समारोह उस समय मातम में बदल गया जब मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया और एक युवक की जान चली गई। घटना में दो अन्य लोग भी घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार, 23 मई को पिपरी निवासी मूलचंद विश्वकर्मा की बेटी की शादी थी, जिसमें उनके सभी रिश्तेदार और नाते-रिश्तेदार शामिल होने आए थे। हैदरपुर निवासी राम उजागर विश्वकर्मा भी अपने परिवार के साथ इस समारोह में मौजूद थे। किसी बात को लेकर राम उजागर विश्वकर्मा के परिवार और लड़की पक्ष के कुछ लोगों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई।


इस खूनी झड़प में राम उजागर विश्वकर्मा के पुत्र रणजीत विश्वकर्मा (उम्र लगभग 25 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, अमरचंद्र विश्वकर्मा और उनकी माँ को भी गंभीर चोटें आईं हैं, जिनका स्थानीय अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही डायल 102 और स्थानीय थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए शेष विवाह समारोह को संपन्न करवाया।
पुलिस ने बताया कि मृतक रणजीत विश्वकर्मा के पिता राम उजागर विश्वकर्मा पुत्र लुरखुर विश्वकर्मा निवासी हैदरपुर ने कपूरचंद्र, लकी, अशोक और राजन के खिलाफ तेजीबाजार थाने में लिखित तहरीर दी है। तहरीर के आधार पर थानाध्यक्ष दिव्य प्रकाश सिंह ने अपनी पुलिस टीम के साथ तत्काल कार्रवाई करते हुए चारों नामजद आरोपियों को आला कत्ल (हत्या में प्रयुक्त हथियार) के साथ गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अग्रिम कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है।
क्षेत्राधिकारी सदर, श्री परमानन्द कुशवाहा की बाइट:
शुक्रवार की रात्रि में थाना तेजीबाजार अंतर्गत ग्राम पिपरी में एक शादी समारोह में लड़की पक्ष के लोगों में आपस में मारपीट की गई, जिसमें रणजीत विश्वकर्मा पुत्र राम की मृत्यु हो गई। प्राप्त तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर सभी 04 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। शव को कब्जे में लेकर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।

Author: fastblitz24



