Fastblitz 24

कानपुर में विवाहिता की संदिग्ध मौत: बहन का आरोप- सौतेली मां ने शादी के नाम पर बेचा, ससुराल वालों ने हत्या कर फंदे पर लटकाया

कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र के कोयला नगर इलाके में शुक्रवार को एक विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला। मृतका आयुषी की बड़ी बहन आशी ने सनसनीखेज आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी सौतेली मां और ससुराल वालों ने मिलकर पहले उनकी बहन की हत्या की और फिर उसे आत्महत्या का रूप देने के लिए फंदे पर लटका दिया। आशी ने आयुषी के शरीर पर चोट के निशान होने की बात भी कही है।

आशी ने यह भी आरोप लगाया कि उनकी सौतेली मां ने शादी के नाम पर उनकी छोटी बहन को बेच दिया था, जहां उससे नौकरानी की तरह काम करवाया जाता था। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

मृतका के परिवार के लोग पोस्टमॉर्टम हाउस पर मौजूद हैं और न्याय की गुहार लगा रहे हैं।

पति, सास और देवर समेत चार पर FIR दर्ज

इटावा निवासी आशी ने बताया कि उनके पिता अनिल गुप्ता दिल्ली के शादरा में फल बेचने का काम करते हैं। जब वह तीन महीने की थीं, तब 21 साल पहले उनकी मां रश्मि का निधन हो गया था। इसके बाद उनके पिता ने दिल्ली निवासी रिंकी से दूसरी शादी कर ली। आशी ने आरोप लगाया कि सौतेली मां की प्रताड़ना के कारण दोनों बहनें इटावा में अपनी बुआ-फूफा के घर रहने लगी थीं।

आशी के अनुसार, दो साल पहले उनके पिता अनिल और सौतेली मां रिंकी उनकी बुआ-फूफा के घर आए और कहा कि वे अपनी बेटियों को वापस लेने आए हैं क्योंकि वे उनकी शादी करना चाहते हैं। बुआ-फूफा उनके बहकावे में आ गए और उन्होंने आशी की छोटी बहन आयुषी (17) को उनके साथ भेज दिया।

आशी ने आरोप लगाया कि छह महीने पहले उनकी सौतेली मां रिंकी ने कानपुर के चकेरी कोयला नगर निवासी रक्षा गुप्ता से सौदा किया और 25 नवंबर 2024 को उनकी छोटी बहन आयुषी को शादी के नाम पर बेच दिया। इस सौदे में निखिल गुप्ता की मां रत्ना गुप्ता ने अपने बेटे के लिए लड़की खरीदी थी।

आशी ने आगे बताया कि शादी के बाद से ही आयुषी को ससुराल में नौकरों की तरह रखा जाता था और उसे मायके में फोन पर बात नहीं करने दी जाती थी। अगर किसी का फोन आता भी था, तो ससुराल वाले स्पीकर पर बात सुनते थे। उसे पेट भर खाना भी नहीं दिया जाता था, जिसके कारण वह परेशान रहती थी। उसे घर के अंदर कैदखाने की तरह रखा जाता था, जिससे वह मानसिक और शारीरिक रूप से टूट गई थी।

आशी ने बताया कि 8 मई को जब वह अपनी बहन से मिलने इटावा से कानपुर आ रही थीं, तो रास्ते में ससुराल से लाडो नाम की लड़की ने उन्हें आयुषी के फांसी लगाकर आत्महत्या करने की सूचना दी।

मृतका के परिजनों ने बताया कि आयुषी के चेहरे, गले और शरीर के कई हिस्सों पर चोट के निशान मिले हैं। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि आयुषी ने आत्महत्या नहीं की है, बल्कि उसकी सास रत्ना गुप्ता, पति निखिल गुप्ता, मामी सास ममता गुप्ता और देवर अखिल गुप्ता ने मिलकर उसकी हत्या की है। उन्होंने पुलिस से आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजने की मांग की है और चेतावनी दी है कि यदि पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो वे सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेंगे।

चकेरी के थाना प्रभारी संतोष शुक्ला ने बताया कि बड़ी बहन आशी की तहरीर पर पति निखिल गुप्ता, सास रत्ना उर्फ पिंकी, देवर अखिल गुप्ता और मामी सास ममता गुप्ता के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।

 

fastblitz24
Author: fastblitz24

Spread the love