जौनपुर: जहाँ एक ओर सरकार नगर पंचायतों को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए लगातार सफाई अभियान चला रही है, वहीं दूसरी ओर नगर पंचायत कजगाँव में यह अभियान मज़ाक का विषय बन गया है। यहाँ सफाई के नाम पर केवल खानापूर्ति हो रही है।
उक्त नगर पंचायत में आज भी जगह-जगह कूड़े और कचरे के ढेर लगे हुए हैं, जिससे आसपास का वातावरण नारकीय बना हुआ है। नगर पंचायत में साफ-सफाई के लिए दर्जनों सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है, लेकिन वे केवल औपचारिकता निभा रहे हैं।

ऐसी स्थिति में सरकार का स्वच्छता अभियान इस नगर पंचायत में पूरी तरह विफल होता दिख रहा है। यह कहावत चरितार्थ हो रही है कि अगर सरकार डाल-डाल तो नगर पंचायत पात-पात। यह नगर पंचायत अपने ऐसे कारनामों के लिए हमेशा चर्चा में रहता है। सफाई न होने के कारण लोग मच्छरों से परेशान हैं और उन्हें डेंगू, मलेरिया जैसी घातक बीमारियों का खतरा बना रहता है।
इस समस्या के प्रति नगर पंचायत अध्यक्ष, अधिशासी अधिकारी और कर्मचारी गहरी नींद में सो रहे हैं।

Author: fastblitz24



