नई दिल्ली — अमेरिका की संघीय जांच एजेंसी एफबीआई और इमिग्रेशन एवं कस्टम्स एनफोर्समेंट (ICE) ने पंजाब में आतंकी हमलों के मास्टरमाइंड हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी पासिया को अमेरिका के सैक्रामेंटो शहर से गिरफ्तार कर लिया है। हैप्पी पासिया पिछले छह महीनों में पंजाब में हुए 14 बम धमाकों के लिए जिम्मेदार बताया जा रहा है। वह दो अंतरराष्ट्रीय आतंकी संगठनों – पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई और बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) से जुड़ा हुआ था।
एफबीआई सैक्रामेंटो यूनिट ने ‘एक्स’ (पूर्व ट्विटर) पर इस गिरफ्तारी की जानकारी साझा करते हुए कहा कि आरोपी अमेरिका में अवैध रूप से घुसा था और अपनी पहचान छिपाने के लिए बर्नर फोन का इस्तेमाल करता था।

NIA की चार्जशीट में था हैप्पी पासिया का नाम
23 मार्च 2025 को एनआईए ने 2024 में चंडीगढ़ ग्रेनेड हमले के मामले में चार आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया था, जिसमें पाकिस्तान स्थित हरविंदर सिंह संधू उर्फ रिंदा और अमेरिका स्थित हैप्पी पासिया का नाम प्रमुख रूप से शामिल था। जांच में खुलासा हुआ कि दोनों ने भारत में स्थित गुर्गों को फंडिंग, हथियार और गोला-बारूद मुहैया कराकर हमले की साजिश रची थी। सितंबर 2024 में चंडीगढ़ में हुए इस हमले का मकसद एक सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी को निशाना बनाना था।
जनता में दहशत फैलाने की थी साजिश
जांच एजेंसियों के अनुसार, रिंदा और हैप्पी पासिया ने ग्रेनेड हमलों के जरिए पंजाब पुलिस और आम नागरिकों के बीच आतंक का माहौल बनाने की योजना बनाई थी। उन्होंने स्थानीय गुर्गों रोहन मसीह और विशाल मसीह को भर्ती किया और हमले से पहले दो बार मौके की रेकी करवाई।
बीकेआई के आतंकी मॉड्यूल का हुआ था पर्दाफाश
दिसंबर 2024 में पंजाब पुलिस ने बीकेआई और आईएसआई समर्थित एक आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया था, जिसमें हैप्पी पासिया और शमशेर उर्फ हनी शामिल थे। मास्टरमाइंड अभिजोत सिंह समेत पांच सदस्यों की गिरफ्तारी हुई थी। ये सभी गुरदासपुर और बटाला में पुलिस प्रतिष्ठानों पर ग्रेनेड हमलों में शामिल थे।
ये हैं हैप्पी पासिया के 14 आतंकी हमले:
1. 23 नवम्बर 2024 – अजनाला पुलिस स्टेशन के बाहर IED लगाया गया। विस्फोट से पहले बरामद।
2. 29 नवम्बर 2024 – गुरबख्श नगर (अमृतसर) में पुलिस चेक पोस्ट के पास धमाका।
3. 2 दिसम्बर 2024 – नवांशहर में अंसार पुलिस पोस्ट पर ग्रेनेड हमला (विफल)।
4. 4 दिसम्बर 2024 – मजीठा पुलिस स्टेशन (अमृतसर) पर ग्रेनेड विस्फोट।
5. 13 दिसम्बर 2024 – बटाला में घनिया के बांगर पुलिस स्टेशन के पास ग्रेनेड (विफल)।
6. 17 दिसम्बर 2024 – इस्लामाबाद पुलिस स्टेशन (अमृतसर) के पास धमाका।
7. 18 दिसम्बर 2024 – कलानौर (गुरदासपुर) पुलिस चेक पोस्ट पर ग्रेनेड हमला।
8. 20 दिसम्बर 2024 – वडाला बांगर पुलिस चेक पोस्ट (गुरदासपुर) पर धमाका।
9. 9 जनवरी 2025 – गुमटाला पुलिस पोस्ट (अमृतसर) के बाहर धमाका।
10. 3 फरवरी 2025 – फतेहगढ़ चूड़ियां पुलिस चौकी के बाहर विस्फोट।
11. 14 फरवरी 2025 – डेरा बाबा नानक में पुलिसकर्मी के घर के बाहर धमाका।
12. 15 मार्च 2025 – ठाकुरद्वारा मंदिर के पास बाइक सवारों ने ग्रेनेड फेंका।
13. अज्ञात तारीख – भाजपा नेता मनोरंजन कालिया के घर पर हमला।
14. 16 अप्रैल 2025 – एक यूट्यूबर के घर पर ग्रेनेड हमला।

Author: fastblitz24



